चंद्र गहना से लौटती बेर
केदारनाथ अग्रवाल का जीवन परिचय- : केदारनाथ अग्रवाल जी का जन्म 1 अप्रेल 1911 को उत्तरप्रदेश के बांदा जिले के कमासिन गाँव में हुआ। इलाहाबाद (अब प्रयागराज) से उनका काफी गहरा रिश्ता रहा। उन्होंने अपनी शिक्षा इलाहाबाद और आगरा में पूरी की। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान ही उन्होंने कविताएं लिखने की शुरुआत की। उनकी लेखनी में प्रयाग की प्रेरणा का बड़ा योगदान रहा है। वह पेशे से एक वकील रहे। उनकी मृत्यु सन 2000 में हुई।
युग की गंगा, नींद के बादल, लोक और अलोक, आग का आइना, पंख और पतवार, अपूर्वा, बोले बोल अनमोल, आत्म-गंध आदि उनकी प्रमुख कृतियाँ हैं। उन्हें सोवियत लैंड नेहरू पुरस्कार, साहित्य अकादमी पुरस्कार, हिंदी संस्थान पुरस्कार जैसे बड़े पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
प्रगतिवादी धारा के कवियों में उन्हें प्रमुख माना जाता है। उनकी कविताओं में जन-सामान्य का संघर्ष और प्रकृति का सौंदर्य दोनों ही देखने को मिलते हैं। उन्होंने अपनी कविता की भाषा को अत्यंत सरल रखा है, जिससे आम आदमी भी उनकी कविताओं से आसानी से जुड़ सकते हैं।
चंद्र गहना से लौटती बेर की व्याख्या- : प्रस्तुत कविता में कवि केदारनाथ अग्रवाल जी ने गांव के प्राकृतिक सौंदर्य का बड़ा ही मनोहर वर्णन किया है। हरे-भरे खेत, बगीचे या फिर नदी का किनारा, सभी कवि की इस रचना में जीवित हो उठे हैं। जिस समय यह कविता केदारनाथ जी ने लिखी थी, वह नगर में रहते थे और किसी कार्यवश वे चंद्र गहना नामक गाँव में आये थे। लौटते वक्त एक खेत के पास बैठकर वो प्रकृति का आनंद लेते हुए इस कविता की रचना करने लगे। अपनी कल्पना में वे खेतों में उगने वाली सारी फ़सलों को मानवीय रूप दे देते हैं और उनकी विशेषता बताते हैं। वे ये भी बताते हैं कि वो क्यों सुन्दर लग रही हैं। कवि केदारनाथ अग्रवाल जी अपनी कविता में नदी के तट पर भोजन ढूंढ रहे बगुले के साथ-साथ उस पक्षी का भी बहुत ही सुन्दर वर्णन करते हैं, जो नदी में गोता लगाकर अपना भोजन प्राप्त करता है।
उनके जाने का समय हो जाता है, उनकी ट्रेन आने वाली होती है। उन्हें इस बात का बहुत दुःख होता है कि उन्हें इस प्राकृतिक सौंदर्य से भरे गांव को छोड़कर फिर से नगर में जाना पड़ेगा। जहाँ रहने वाले लोग स्वार्थी एवं पैसे के लालची हैं। जिन्होंने गांव की इस सुंदरता को कभी देखा ही नहीं है। इस तरह हम कह सकते हैं कि कवि अपनी कविता के द्वारा अपने मन की बात कहने में पूरी तरह से सफल हुए हैं।
चंद्र गहना से लौटती बेर
देख आया चंद्र गहना।
देखता हूँ दृश्य अब मैं
मेड़ पर इस खेत की बैठा अकेला।
एक बीते के बराबर
यह हरा ठिगना चना,
बाँधे मुरैठा शीश पर
छोटे गुलाबी फूल का,
सजकर खड़ा है।
पास ही मिलकर उगी है
बीच में अलसी हठीली
देह की पतली, कमर की है लचीली,
नील फूले फूल को सर पर चढ़ा कर
कह रही, जो छुए यह
दूँ हृदय का दान उसको।
और सरसों की न पूछो-
हो गयी सबसे सयानी,
हाथ पीले कर लिए हैं
ब्याह-मंडप में पधारी
फाग गाता मास फागुन
आ गया है आज जैसे।
देखता हूँ मैं : स्वयंवर हो रहा है,
प्रकृति का अनुराग-अंचल हिल रहा है
इस विजन में,
दूर व्यापारिक नगर से
प्रेम की प्रिय भूमि उपजाऊ अधिक है।
और पैरों के तले है एक पोखर,
उठ रहीं इसमें लहरियाँ,
नील तल में जो उगी है घास भूरी
ले रही वो भी लहरियाँ।
एक चांदी का बड़ा-सा गोल खम्भा
आँख को है चकमकाता।
हैं कई पत्थर किनारे
पी रहे चुप चाप पानी,
प्यास जाने कब बुझेगी!
चुप खड़ा बगुला डुबाये टांग जल में,
देखते ही मीन चंचल
ध्यान-निद्रा त्यागता है,
चट दबा कर चोंच में
नीचे गले को डालता है!
एक काले माथ वाली चतुर चिड़िया
श्वेत पंखों के झपाटे मार फौरन
टूट पड़ती है भरे जल के हृदय पर,
एक उजली चटुल मछली
चोंच पीली में दबा कर
दूर उड़ती है गगन में!
औ’ यहीं से-
भूमि ऊंची है जहाँ से-
रेल की पटरी गयी है।
ट्रेन का टाइम नहीं है।
मैं यहाँ स्वच्छंद हूँ,
जाना नहीं है।
चित्रकूट की अनगढ़ चौड़ी
कम ऊंची-ऊंची पहाड़ियाँ
दूर दिशाओं तक फैली हैं।
बाँझ भूमि पर
इधर उधर रीवां के पेड़
कांटेदार कुरूप खड़े हैं।
सुन पड़ता है
मीठा-मीठा रस टपकाता
सुग्गे का स्वर
टें टें टें टें;
सुन पड़ता है
वनस्थली का हृदय चीरता,
उठता-गिरता
सारस का स्वर
टिरटों टिरटों;
मन होता है-
उड़ जाऊँ मैं
पर फैलाए सारस के संग
जहाँ जुगुल जोड़ी रहती है
हरे खेत में,
सच्ची-प्रेम कहानी सुन लूँ
चुप्पे-चुप्पे।
चंद्र गहना से लौटती बेर कविता का भावार्थ-
देख आया चंद्र गहना।
देखता हूँ दृश्य अब मैं
मेड़ पर इस खेत की बैठा अकेला।
एक बीते के बराबर
यह हरा ठिगना चना,
बाँधे मुरैठा शीश पर
छोटे गुलाबी फूल का,
सजकर खड़ा है।
चंद्र गहना से लौटती बेर भावार्थ:- चंद्र गहना से लौटती बेर कविता की प्रस्तुत पंक्तियों में कवि केदारनाथ अग्रवाल जी ने गांव की सुंदरता का बड़ा ही मनोहर उल्लेख किया है। वे चंद्र गहना नामक गांव घूमने गए हुए थे और जब वे वापस आ रहे थे, तो उन्हें रास्ते में एक खेत दिखाई देता है। अभी उनकी ट्रेन को आने में भी बहुत वक्त था, इसी कारण वो खेत की प्राकृतिक सुंदरता को निहारने के लिए एक मेड़ (दो खेतों के बीच मिट्टी का बना हुआ रास्ता) पर बैठ जाते हैं और खेतों में उगी फ़सलों तथा पेड़-पौधों को देखने लगते हैं। आगे कवि कहते हैं कि मैंने चंद्र गहना नामक गांव देख लिया है, अब मैं इस खेत की मेड़ पर बैठकर खेत की प्राकृतिक सुंदरता का लाभ उठा रहा हूँ।
आगे चने के पौधे का बड़ा ही सजीला मानवीकरण करते हुए, कवि कहते हैं कि एक बीते (एक पंजे की लम्बाई के बराबर, ज्यादा से ज्यादा 1 फुट) की लम्बाई वाला यह हरा चने का पौधा खेतों के बीच लहलहा रहा है। चने के पौधों पर गुलाबी रंग के फूल खिले हुए हैं और उन्हें देखने से ऐसा लग रहा है, मानो कोई दूल्हा पगड़ी पहनकर सज धज कर शादी के लिए तैयार हो रहा हो।
पास ही मिलकर उगी है
बीच में अलसी हठीली
देह की पतली, कमर की है लचीली,
नील फूले फूल को सर पर चढ़ा कर
कह रही, जो छुए यह
दूँ हृदय का दान उसको।
चंद्र गहना से लौटती बेर भावार्थ:- इन पंक्तियों में कवि केदारनाथ अग्रवाल जी ने अलसी के पौधों का मानवीकरण किया है। अलसी का पौधा बहुत ही पतला होता है और थोड़ी-सी हवा के कारण भी हिलने लगता है और झुक कर फिर खड़ा हो जाता है। इसलिए कवि ने उसे यहाँ देह की पतली और कमर की लचीली कहा है। उन्होंने चने के पौधों के पास में ही उगे हुए, अलसी के पौधों को नायिका के रूप में दिखाया है।
उनके अनुसार यह नायिका बहुत ही जिद्दी है और इसीलिए हठपूर्वक इसने चने के पौधों के मध्य अपना स्थान बना लिया है। इन पौधों में नीले रंग के फूल खिले हुए हैं, जो ऐसे प्रतीत हो रहे हैं, मानो नायिका अपने हाथों में फूल पकड़ कर अपने प्रेम का इज़हार कर रही हो। जो उसके इस प्रेम को स्वीकार करेगा, वो उस पर अपना प्रेम लुटाने के लिए तैयार खड़ी है।
और सरसों की न पूछो-
हो गयी सबसे सयानी,
हाथ पीले कर लिए हैं
ब्याह-मंडप में पधारी
फाग गाता मास फागुन
आ गया है आज जैसे।
चंद्र गहना से लौटती बेर भावार्थ:- इन पंक्तियों में कवि ने खेतों के प्राकृतिक सौंदर्य की तुलना विवाह के मंडप से की है। खेतों में चने और अलसी के पौधे अपने सौंदर्य का प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीँ इन सब के बीच, सरसों की तो बात ही निराली है। सरसों के पौधे पूरी तरह बढ़ चुके हैं और उन पर पीले रंग के फूल भी खिल चुके हैं। ये पीले पुष्प सूर्य की रौशनी में किसी नयी दुल्हन के हाथों की तरह चमक रहे हैं। सरसों की फसल पक चुकी है, इसीलिए कवि कहते हैं कि कन्या शादी के लायक हो चुकी है और अपने हाथ पीले करके इस खेत-रूपी ब्याह मंडप पधारी है। ऐसा लग रहा है, जैसे फागुन का महीना स्वयं फाग (होली के समय गाया जाने वाला गीत) गा रहा है।
देखता हूँ मैं : स्वयंवर हो रहा है,
प्रकृति का अनुराग-अंचल हिल रहा है
इस विजन में,
दूर व्यापारिक नगर से
प्रेम की प्रिय भूमि उपजाऊ अधिक है।
चंद्र गहना से लौटती बेर भावार्थ:- इन पंक्तियों में कवि ने गांव की प्राकृतिक सुंदरता एवं शहर की तुलना की है। उनके अनुसार, शहर में रह रहे लोगों के पास इतना वक्त भी नहीं होता कि वो इस प्राकृतिक सौंदर्य का लाभ उठा पाएं। निरंतर होते निर्माण के कारण शहर में हर जगह सिर्फ कंक्रीट की इमारतें ही दिखाई देती हैं। इसलिए उनके मन का प्रेम-भाव बाहर नहीं आ पाता और शहरी लोग स्वार्थी हो जाते हैं, जबकि दूसरी ओर कवि को गांव के प्राकृतिक वातावरण में अनुपम शांति मिल रही है।
कवि कहते हैं कि चारों तरफ सुनसान स्थान होने के बावजूद भी खेतों में इतना प्राकृतिक सौंदर्य भरा है, कि ऐसा लग हो रहा है मानो यहाँ कोई स्वयंवर चल रहा हो। सभी सज-धज के खड़े हैं और मंडप भी सजा हुआ है। कन्याएँ सज कर अपने हाथ में फूलों की माला लेकर दूल्हे का चुनाव कर रही हैं। यहाँ लड़की से सरसों एवं अलसी के पौधों को संबोधित किया गया है, जबकि दूल्हे से चने के पौधे को संबोधित किया गया है। ऐसा दृश्य देखकर कवि के अंदर भी प्रेम-भावना जागने लगती है। इसीलिए कवि ने कहा है, व्यापारिक नगर से दूर प्रेम की यह प्रिय भूमि अधिक उपजाऊ है।
और पैरों के तले है एक पोखर,
उठ रहीं इसमें लहरियाँ,
नील तल में जो उगी है घास भूरी
ले रही वो भी लहरियाँ।
एक चांदी का बड़ा-सा गोल खम्भा
आँख को है चकमकाता।
हैं कई पत्थर किनारे
पी रहे चुप चाप पानी,
प्यास जाने कब बुझेगी!
चंद्र गहना से लौटती बेर भावार्थ:- चंद्र गहना से लौटती बेर कविता की इन पंक्तियों में कवि ने खेत के किनारे तालाब एवं उसमें पड़ने वाली सूर्य की रौशनी का बड़ा ही सुंदर वर्णन किया है। वे मेड़ पर जहाँ बैठे हुए हैं, उसके दूसरी ओर स्थित तालाब के जल में हवा के साथ लहरें उठ रही हैं। उसके साथ ही, बगल में उगी भूरी घास भी यूँ हिलने लगती है, मानो आकाश में पतंगें उड़ रही हों। जब तालाब के जल में सूर्य की किरणें पड़ती हैं, तो उसका प्रतिबिम्ब जल पे एक चांदी के खम्बे की तरह दिखाई देता है, जो कवि की आँखों में निरंतर चमक रहा है और लेखक को उसकी ओर देखने में मुश्किल हो रही है।
दूसरी तरफ, तालाब के किनारे कई पत्थर पड़े हुए हैं, जब-जब तालाब में लहरें उठ रही हैं, तब तब तालाब का जल जाकर पत्थर को भिगो रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो पत्थर चुपचाप पानी पीते जा रहे हैं, परन्तु अभी तक उनकी प्यास नहीं बुझी और पता नहीं कब उनकी प्यास बुझेगी। इस तरह कवि ने अपनी इन पंक्तियों में प्रकृति का बड़ा ही सुन्दर मानवीकरण किया है।
चुप खड़ा बगुला डुबाये टांग जल में,
देखते ही मीन चंचल
ध्यान-निद्रा त्यागता है,
चट दबा कर चोंच में
नीचे गले को डालता है!
एक काले माथ वाली चतुर चिड़िया
श्वेत पंखों के झपाटे मार फौरन
टूट पड़ती है भरे जल के हृदय पर,
एक उजली चटुल मछली
चोंच पीली में दबा कर
दूर उड़ती है गगन में!
चंद्र गहना से लौटती बेर भावार्थ:- कवि देखते हैं कि तालाब के किनारे उथले जल में कुछ बगुले ऐसे खड़े हैं, मानो वो जल में पैर डुबाये खड़े-खड़े सो रहे हों। लेकिन, जैसे ही उन्हें जल के अंदर कोई मछली हिलती-डुलती महसूस होती है या दिखाई देती है, तो वो अपनी चोंच तेजी से जल के अंदर डाल कर उस मछली को पकड़ कर निगल जाता है। वहीँ दूसरी तरफ, जल के ऊपर एक काले रंग के सिर वाली चिड़िया उड़कर चक्कर लगाते हुए तालाब के जल में नजर रख रही है। जैसे ही उसे जल के अंदर मछली नजर आती है, वह बिजली की तेजी से अपने सफ़ेद पंखो के सहारे जल को चीरती हुई गोता लगाकर अंदर चली जाती है और उस मछली पर टूट पड़ती है। उस चमकती हुई मछली को वह काले माथे वाली चिड़िया अपनी पीली चोंच में दबाकर ऊपर आकाश में दूर उड़ जाती है।
औ’ यहीं से-
भूमि ऊंची है जहाँ से-
रेल की पटरी गयी है।
ट्रेन का टाइम नहीं है।
मैं यहाँ स्वच्छंद हूँ,
जाना नहीं है।
चंद्र गहना से लौटती बेर भावार्थ:- कवि जहाँ बैठकर गांव के प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ़ उठा रहे हैं, वहीं से कुछ दूर जाकर भूमि ऊँची हो गई है, जिसके पार देखा नहीं जा सकता। उस ऊँची उठी भूमि के दूसरी तरफ ही रेल की पटरी बिछी हुई है। वहीं कहीं रेलवे स्टेशन है, जहाँ से कवि वापस जाने के लिए ट्रेन पकड़ने वाले हैं। परन्तु अभी ट्रेन को आने में बहुत समय बाकी है, इसलिए लेखक पूरी स्वतंत्रता के साथ खेतों के मध्य बैठकर सभी जगह ताक-ताक कर प्राकृतिक सौंदर्य का मजा ले रहे हैं। ये सब उन्हें बहुत ही आनंददायी लग रहा है, क्योंकि शहर में उन्हें रोज-रोज ऐसे सौंदर्य को देखने का मौका नहीं मिलता।
चित्रकूट की अनगढ़ चौड़ी
कम ऊंची-ऊंची पहाड़ियाँ
दूर दिशाओं तक फैली हैं।
बाँझ भूमि पर
इधर उधर रीवां के पेड़
कांटेदार कुरूप खड़े हैं।
चंद्र गहना से लौटती बेर भावार्थ:- कवि की नजर खेतों से उठ कर दूर जाती है, तो उन्हें चित्रकूट की असमान रूप से फैली ऊँची-नीची पहाड़ियां नजर आती हैं, जो ज्यादा ऊँची नहीं हैं, लेकिन बहुत दूर तक फ़ैली हुई हैं। इसलिए कवि ने कहा है कि ये दूर दिशाओं तक फ़ैली हुई हैं। कवि को ये पहड़ियाँ उपजाऊ भी नजर नहीं आ रही हैं, क्योंकि उन पर रीवां नामक कांटेदार वृक्षों के अलावा और कोई हरियाली नहीं है।
सुन पड़ता है
मीठा-मीठा रस टपकाता
सुग्गे का स्वर
टें टें टें टें;
सुन पड़ता है
वनस्थली का हृदय चीरता,
उठता-गिरता
सारस का स्वर
टिरटों टिरटों;
मन होता है-
उड़ जाऊँ मैं
पर फैलाए सारस के संग
जहाँ जुगुल जोड़ी रहती है
हरे खेत में,
सच्ची-प्रेम कहानी सुन लूँ
चुप्पे-चुप्पे।
चंद्र गहना से लौटती बेर भावार्थ:- चंद्र गहना से लौटती बेर कविता की अंतिम पंक्तियों में कवि ने वनस्थली में गूंजती तोते और सारसों की मधुर आवाज़ों वर्णन किया है। कवि को बीच-बीच में तोते की टें-टें की ध्वनि सुनाई देती है, जो इस शांत वातावरण में वन के अंदर से आ रही है। इस मधुर ध्वनि को सुनकर कवि का मन आनंद से भर उठता है और उनका मन भी तोते की इस मधुर ध्वनि की ताल से ताल मिलाने को करता है।
इसी बीच, कवि को सारस की जंगल को भेद देने वाली ध्वनि सुनाई पड़ती है, जो कभी घटती है, तो कभी बढ़ती है। वास्तव में यह सारस के जोड़े के आपसी प्रेम का संगीत है, जिसे सुनकर कवि यह कल्पना करता है कि वह भी अपने पंख फैलाए सारस के संग उड़ कर हरे खेतों के बीच चला जाए। फिर छुप कर सारसों के सच्चे प्रेम की कहानी सुने, ताकि उन्हें कवि द्वारा कोई तकलीफ़ न हो और वे उड़ ना जाएं।
पाठ्यपुस्तक के प्रश्न-अभ्यास
प्रश्न 1.
‘इस विजन में .अधिक है’- पंक्तियों में नगरीय संस्कृति के प्रति कवि का क्या आक्रोश है और क्यों?
उत्तर-
उपर्युक्त पंक्तियों में कवि ने नगरीय संस्कृति की व्यावसायिकता पर आक्रोश प्रकट किया है। उनके अनुसार, नगर के लोग व्यापार को महत्त्व देते हैं। वे प्रेम और सौंदर्य से बहुत दूर हैं। वे प्रकृति से भी कर चुके हैं। कवि इसे नगर संस्कृति का दुर्भाग्य मानता है।
प्रश्न 2.
सरसों को ‘सयानी’ कहकर कवि क्या कहना चाहता होगा?
उत्तर-
सरसों को सयानी कहकर कवि यह कहना चाहता है कि अब वह बड़ी हो गई है। उस पर आए फूलों के कारण उसका रूप-सौंदर्य निखर आया है।
प्रश्न 3.
अलसी के मनोभावों का वर्णन कीजिए।
उत्तर-
अलसी अल्हड़ नायिका है। उसकी कमर लचीली है, देह पतली है और स्वभाव से हठीली है। उसने अपने शीश पर नीले फूल धारण किए हुए हैं। वह मानो सबको प्रेम का खुला निमंत्रण देकर कह रही है-जो भी मुझे छुए, मैं उसे अपना दिल दे देंगी।
प्रश्न 4.
अलसी के लिए ‘हठीली’ विशेषण का प्रयोग क्यों किया गया है?
उत्तर-
अलसी के लिए ‘हठीली’ विशेषण का प्रयोग इसलिए किया गया है क्योंकि-वह चने से सटकर उग आई है।
वह हवा से लहराकर बार-बार झुककर जमीन को छू जाती है और अगले ही पल तुरंत खड़ी हो जाती है।
प्रश्न 5.
‘चाँदी का बड़ा-सा गोल खंभा’ में कवि की किस सूक्ष्प कल्पना का आभास मिलता है?
उत्तर-
सरोवर के जल में सूर्य की किरणें सीधी पड़ती हैं तो यों लगता है जैसे पानी के नीचे चाँदी का बड़ा गोल खंभा हो। रंग, चमक और रूप की समानता के कारण यह कल्पना मनोरम बन पड़ी है।
प्रश्न 6.
कविता के आधार पर हरे चने’ का सौंदर्य अपने शब्दों में चित्रित कीजिए।
उत्तर-
‘ग्राम श्री’ कविता में वर्णित हरा चना आकार में एक बीते के बराबर है। उस पर आए फूल देखकर लगता है कि उसने गुलाबी पगड़ी बाँध रखी है। वह विवाह जैसे किसी मांगलिक कार्यक्रम में जाने के लिए तैयार दिखाई दे रहा है।
प्रश्न 7.
कवि ने प्रकृति का मानवीकरण कहाँ-कहाँ किया है?
उत्तर-
कवि ने निम्न स्थलों पर प्रकृति का मानवीकरण किया हैयह हरा ठिगना चना,
बाँधे मुरैठा शीश पर
छोटे गुलाबी फूल का,
सज कर खड़ा है।
पास ही मिल कर उगी है
बीच में अलसी हठीली
देह की पतली, कमर की है लचीली,
नील फूले फूल को सिर पर चढ़ा कर
कह रही है, जो छुए यह
दें हृदय का दान उसको।
और सरसों की न पूछो
हो गई सबसे सयानी,
हाथ पीले कर लिए हैं।
ब्याह-मंडप में पधारी।
फाग गाता मास फागुन
हैं कई पत्थर किनारे
पी रहे चुपचाप पानी,
प्यास जाने कब बुझेगी!
प्रश्न 8.
कविता में से उन पंक्तियों को ढूंढ़िए जिनमें निम्नलिखित भाव व्यंजित हो रहा है और चारों तरफ़ सूखी और उजाड़ जमीन है लेकिन वहाँ भी तोते का मधुर स्वर मन को स्पंदित कर रहा है।
उत्तर-
उपर्युक्त भाव को व्यंजित करने वाली पंक्तियाँ हैं-
बाँझ भूमि पर
मीठा-मीठा रस टपकाता
इधर-उधर रीवा के पेड़
सुग्गे का स्वर
काँटेदार कुरूप खड़े हैं।
टें हें टें टें।
सुन पड़ता है।
रचना और अभिव्यक्ति
प्रश्न 9.
‘और सरसों की न पूछो’-इस उक्ति में बात को कहने का एक खास अंदाज़ है। हम इस प्रकार की शैली का प्रयोग कब और क्यों करते हैं?
उत्तर-
हम इस तरह की शैली का प्रयोग प्रशंसा करते समय करते हैं। अत्यधिक आश्चर्य, निंदा या भावों की अति दिखाने के लिए भी इसका प्रयोग किया जाता है जैसे-
अरे उस दुष्ट की करतूतों की न पूछो!
अरे, ताजमहल की ऊँचाई की न पूछो!
क्यों–प्रायः हम किसी भाव से इतने अधिक अभिभूत हो जाते हैं कि कोई शब्द उसे व्यक्त नहीं कर पाता। तब हम शब्दों की लाचारी बताने के लिए यह कहते हैं-उसकी बात मत पूछो।
प्रश्न 10.
काले माथे और सफ़ेद पंखों वाली चिड़िया आपकी दृष्टि में किस प्रकार के व्यक्तित्व का प्रतीक हो सकती है?
उत्तर-
काले माथे और सफ़ेद पंखवाली चिड़िया किसी ऐसे स्वार्थी व्यक्तित्व का प्रतीक हो सकती है जो दूसरों का शोषण करने के लिए तत्पर रहता है। वह दूसरों की भलाई के बारे में सोचे-समझे बिना मौके की तलाश में रहता है और मौका पाते। ही उसे अपना शिकार बना लेता है।
भाषा अध्ययन
प्रश्न 11.
बीते के बराबर, ठिगना, मुरैठा आदि सामान्य बोलचाल के शब्द हैं, लेकिन कविता में इन्हीं से सौंदर्य उभरा है और कविता सहज बन पड़ी है। कविता में आए ऐसे ही अन्य शब्दों की सूची बनाइए।
उत्तर-
मेड़, हठीली, सयानी, ब्याह-मंडप, फागुन, पोखर, खंभा, चकमकोता, चट, झपाटे, सुग्गा, जुगुल जोड़ी, चुप्पे-चुप्पे।
प्रश्न 12.
कविता को पढ़ते समय कुछ मुहावरे मानस-पटल पर उभर आते हैं, उन्हें लिखिए और अपने वाक्यों में प्रयुक्त कीजिए।
उत्तर-
कविता में आए कुछ मुहावरे-हृदय का दान देना-(प्रेम करना)-पद्मावती के रूप सौंदर्य का वर्णन सुनते ही रत्नसेन ने उसे अपने हृदय का दान दे दिया।
सयानी होना-(समझदार होना)-मिनी को देखते ही काबुली वाले को याद आया कि उसकी अपनी बेटी भी सयानी हो गई होगी।
हाथ पीले करना-(विवाह करना)-अपनी बिटिया के हाथ पीले करने के बाद गरीब माँ-बाप ने चैन की साँस ली।
पैरों के तले होना-(एकदम निकट होना)-कवि जहाँ बैठा था वहीं पैरों के तले ही पोखर था।
ध्यान-निद्रा त्यागना-(सजग हो जाना)-मछली देखते ही बगुला ध्यान निद्रा त्याग देता है।
गले के नीचे डालना-(खा जाना)-भूखा भिखारी सूखी रोटियाँ गले के नीचे डालता जा रहा था।
हृदय चीरना-(दुख पहुँचाना)-प्रेमी युगल द्वारा एक-दूसरे के साथ विश्वासघात करना हृदय चीरने वाली बात होती है।
पाठेतर सक्रियता
प्रस्तुत अपठित कविता के आधार पर उसके नीचे दिए गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए-
देहात का दृश्य
अरहर कल्लों से भरी हुई फलियों से झुकती जाती है,
उस शोभासागर में कमला ही कमला बस लहराती है।
सरसों दानों की लड़ियों से दोहरी-सी होती जाती है,
भूषण का भार सँभाल नहीं सकती है कटि बलखाती है।
है चोटी उस की हिरनखुरी के फूलों से गूंथ कर सुंदर,
अन-आमंत्रित आ पोलंगा है इंगित करता हिल-हिल कर।
हैं मसें भींगती गेहूँ की तरुणाई फूटी आती है,
यौवन में माती मटरबेलि अलियों से आँख लड़ाती है।
लोने-लोने वे घने चने क्या बने-बने इठलाते हैं,
हौले-हौले होली गा-गा मुँघरू पर ताल बजाते हैं।
हैं जलाशयों के ढालू भीटों पर शोभित तृण शालाएँ,
जिन में तप करती कनक वरण हो जग बेलि-अहिबालाएँ।
हैं कंद धरा में दाब कोष ऊपर तक्षक बन झूम हरे,
अलसी के नील गगन में मधुकर दृग-तारों से घूम रहे।
मेथी में थी जो विचर रही तितली सो सोए में सोई,
उस की सुगंध-मादकता में सुध-बुध खो देते सब कोई।
हिरनखुरी – बरसाती लता
भीटा – ढूह, टीले के शक्ल की जमीन
प्रश्न 1.
इस कविता के मुख्य भाव को अपने शब्दों में लिखिए।
उत्तर-
इस काव्यांश में खेतों में फली-फूली फ़सलों का सजीव चित्रण है। अरहर और सरसों पर फलियाँ आ गई हैं, हिरनखुरी पर फूल खिल गए हैं। गेहूँ पर तरुणाई आ गई है, मटर बेलि पर भंवरे मडराने लगे हैं तथा चने के झाड़ बड़े हो गए हैं। आलू, गाजर मूली, शकरकंदी आदि उग आई है, अलसी पर फूल आ गए हैं और मेथी की खुशबू में तितली अपना होश खो बैठी है।
प्रश्न 2.
इन पंक्तियों में कवि ने किस-किस का मानवीकरण किया है?
उत्तर-
इन पंक्तियों में सरसों, हिरनखुरी, गेहूँ, मटरबेलि, चना आदि का मानवीकरण किया गया है।
प्रश्न 3.
इस कविता को पढ़कर आपको किस मौसम का स्मरण हो आता है?
उत्तर-
इस कविता को पढ़कर सरदी का मौसम एवं वसंत ऋतु का स्मरण हो जाता है क्योंकि ये सारी फ़सलें इसी ऋतु में फलती और फूलती हैं।
प्रश्न 4.
मधुकर और तितली अपनी सुध-बुध कहाँ और क्यों खो बैठे?
उत्तर-
मधुकर अलसी के नीले फूलों पर अपनी सुध-बुध खो बैठे है।
तितली मेथी की सुगंध से मोहित होकर अपनी सुध-बुध खो बैठी है।
अन्य पाठेतर हल प्रश्न
लघु उत्तरीय प्रश्न
प्रश्न 1.
कवि कहाँ से लौटा है? वह खेत की मेड़ पर क्यों बैठ गया?
उत्तर-
कवि चंद्रगहना से लौटा है। वह खेत की मेड़ पर इसलिए बैठ गया ताकि वहाँ बैठकर आस-पास फैले प्राकृतिक सौंदर्य को जी भर निहार सके, प्रकृति का सान्निध्य पा सके और उसके सौंदर्य का आनंद उठा सके।
प्रश्न 2.
कवि को ऐसा क्यों लगता है कि चना विवाह में जाने के लिए तैयार खड़ा है?
उत्तर-
चने का पौधा हरे रंग का ठिगना-सा है। उसकी ऊँचाई एक बीते के बराबर होगी। उस पर गुलाबी फूल आ गए हैं। इन फूलों को देखकर प्रतीत होता है कि उसने गुलाबी रंग की पगड़ी बाँध रखी है। उसकी ऐसी सज-धज देखकर कवि को लगता है कि वह विवाह में जाने के लिए तैयार खड़ा है।
प्रश्न 3.
‘चंद्र गहना से लौटती बेर’ कविता में किसने किस उद्देश्य से हाथ पीले कर लिए हैं?
उत्तर-
चंद्र गहना से लौटती बेर’ कविता में सरसों सबसे सयानी हो चुकी है। सयानी होने से वह विवाह की वय प्राप्त कर चुकी है। उसने विवाह करने के लिए अपने हाथों में हल्दी लगाकर हाथ पीले कर लिए हैं।
प्रश्न 4.
पत्थर कहाँ पड़े हुए हैं? वे क्या कर रहे हैं? ‘चंद्र गहना से लौटती बेर’ कविता के आधार पर लिखिए?
उत्तर-
पत्थर तालाब के किनारे पड़े हैं जिन्हें पानी स्पर्श कर रहा है। ऐसा लगता है कि पत्थर अपनी प्यास बुझाने के लिए पानी पी रहे हैं। वे पता नहीं कब से पानी पी रहे हैं फिर भी उनकी प्यास नहीं बुझ रही है।
प्रश्न 5.
‘चंद्र गहना से लौटती बेर’ कविता में किस चिड़िया का वर्णन है? यह चिड़िया किसका प्रतीक हो सकती है?
उत्तर-
‘चंद्र गहना से लौटी बेर’ कविता में काले माथ वाली उस चिड़िया का वर्णन है जिसकी चोंच पीली और पंख सफ़ेद है। वह जल की सतह से काफ़ी ऊँचाई पर उड़ती है और मछली देखते ही झपट्टा मारती है। उसे चोंच में दबाकर आकाश में उड़ जाती है। यह चिड़िया किसी शोषण करने वाले व्यक्ति का प्रतीक है।
प्रश्न 6.
‘चंद्र गहना से लौटती बेर’ कविता में वर्णित अलसी को किस रूप में प्रस्तुत किया गया है और क्यों?
उत्तर-
‘चंद्र गहना से लौटती बेर’ कविता में वर्णित अलसी को प्रेमातुर नायिकी के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसका कारण यह है कि अलसी जिद पूर्वक चने के पास उग आई है। उसकी कमर लचीली औश्र देह पतली है। वह अपने शीश पर नीले फूल रखकर कहती है कि जो उसे छुएगा, उसको वह अपने हृदय का दान दे देगी।
प्रश्न 7.
चंद्र गहना से लौटती बेर’ कविता के आधार पर रीवा के पेड़ों का वर्णन कीजिए।
उत्तर-
‘चंद्र गहना से लौटती बेर’ कविता में वर्णित रीवा के पेड़ चित्रकूट की पहाड़ियों पर स्थित हैं। ये पेड़ काँटेदार तथा कुरूप हैं। इनकी पत्तियाँ छोटी-छोटी तथा भूरी हैं। इनके नीचे बैठकर छाया का आनंद भी नहीं लिया जा सकता है।
प्रश्न 8.
‘मन होता है उड़ जाऊँ मैं’-कौन, कहाँ उड़ जाना चाहता है और क्यों?
उत्तर-
‘मन होता है उड जाऊँ मैं’ में कवि हरे धान के खेतों में उड जाना चाहता है जहाँ सारस की जोड़ी रहती है। यह जोडी एक दूसरे से अपनी प्रेम कहानी कहती है। कवि इस सच्ची प्रेम कहानी को चुपचाप सुनना चाहता है, इसलिए उसका मन उड़ जाने के लिए उत्सुक है।
प्रश्न 9.
‘चंद्रगहना से लौटती बेर’ कविता के आधार पर बताइए कि भूरी घास कहाँ उगी है? वह क्या कर रही है?
उत्तर-
‘चंद्र गहना से लौटती बेर’ कविता में भूरी घास तालब की तली में उगी है। हवा चलने से पानी में हलचल हो रही है। और पानी लहरा रहा है। इसका असर भूरी घास पर पड़ रहा है। इससे भूरी घास भी लहरा रही है।
प्रश्न 10.
‘मैं यहाँ स्वच्छंद हूँ’-कवि ने ऐसा क्यों कहा है? ‘चंद्र गहना से लौटती बेर’ पाठ के आधार पर लिखिए।
उत्तर-
‘मैं यहाँ स्वच्छंद हूँ’-कवि ने ऐसा इसलिए कहा है क्योंकि इस समय उसके पास कोई आवश्यक काम नहीं है। इसके अलावा उसे आवश्यक कार्यवश कहीं आना-जाना भी नहीं है। वह प्राकृतिक सौंदर्य को देखने और उनका आनंद उठाने के लिए स्वतंत्र है।
प्रश्न 11.
‘चंद्रगहना से लौटती बेर’ कविता में सारस का स्वर कवि को कैसा प्रतीत होता है? इसे सुनकर उसके मन में क्या इच्छा होती है?
उत्तर-
‘चंद्रगहना से लौटती बेर’ कविता में कवि को सारस का स्वर उठता-गिरता अर्थात् कभी धीमा तथा कभी तेज़ सुनाई देता है। उसके कानों को यह स्वर अच्छा लगता है। इससे उसके मन में यह इच्छा होती है कि वह भी सारस के साथ पंख फैलाकर कहीं दूर उड़ जाए। जहाँ सारस की जुगुल जोड़ी रहती है।
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
प्रश्न 1.
‘चंद्रगहना से लौटती बेर’ कविता के उस दृश्य का वर्णन कीजिए जिसे कवि देख रहा है?
उत्तर-
‘चंद्रगहना से लौटती बेर’ कविता में कवि खेत की मेड़ पर बैठा है। उसके पास ही चना, अलसी और सरसों उगी है। चना, अलसी और सरसों पर फूला आ गए हैं। वातावरण शांत तथा मनोहर है। उसके पैरों के पास ही तालाब है जिसमें सूरज का प्रतिबिंब उसकी आँखों को चौंधिया रहा है। तालाब में अपनी टाँग डुबोए बगुला ध्यान मग्न खड़ा है। वह मछलियाँ देखते ही ध्यान त्याग देता है। तालाब के पास ही काले माथे वाली चिड़िया उड़ रही है जो मौका देखकर मछलियों का शिकार कर लेती है। कुछ ही दूर पर दूर-दूर तक फैली चित्रकूट की पहाड़ियाँ हैं जिन पर रीवा के काँटेदार पेड़ उगे हैं।
प्रश्न 2.
‘चंद्रगहना से लौटती बेर’ कविता ने साधारण-सी वस्तुओं में भी अपनी कल्पना से अद्भुत सौंदर्य का दर्शन किया है। स्पष्ट कीजिए।
उत्तर-
चंद्र गहना से लौटती बेर’ कविता के कवि की दृष्टि अत्यंत पारखी, सूक्ष्म अन्वेषण करने वाली है जिसमें कल्पनाशीलता समाई है। इसी कल्पना शीलता के कारण वह चने के पौधे को सजे-धजे दूल्हे के रूप में, अलसी को हेठीली, प्रेमातुर नायिका के रूप में तथा फूली सरसों को देखकर स्वयंवर स्थल पर पधारी विवाह योग्य कन्या का रूप सौंदर्य देखती है। जिसके हाथों में मेहंदी लगी है। वह प्रकृति को स्वयंवर-स्थल के रूप में देखता है। कवि को तालाब में सूर्य के प्रतिबिंब में चाँदी का बड़ा-सा गोल खंभा नजर आता है तो किनारे पड़े पत्थरों को पानी पीते हुए देखता है। इस तरह कवि साधारणसी वस्तुओं में अद्भुत सौंदर्य के दर्शन करता है।

0 Comments